आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़। दो शातिर चोर घायल होकर गिरफ्तार, छह चोरी की घटनाओं का खुलासा
कप्तानगंज, आजमगढ़ | 19 अक्टूबर 2026।आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो अंतर्जनपदीय शातिर अपराधियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में आजमगढ़ के कप्तानगंज, कंधरापुर और जीयनपुर थाना क्षेत्रों में चोरी की छह घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय आजमगढ़ भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ लकी उर्फ बुढ़वा (34) निवासी हिरापट्टी, थाना कोतवाली, आजमगढ़ और दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ (29) निवासी कोइराना, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 18/19 अक्टूबर की रात कप्तानगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ऑटो रिक्शा से बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले दो संदिग्ध कोयलसा-देवरपुर मार्ग से आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम जफरामऊ स्थित रानीपुर तिराहे के पास संदिग्ध ऑटो रिक्शा को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, ऑटो सवार दोनों व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने 19 अक्टूबर की रात करीब 1:10 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपियों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय आजमगढ़ रेफर किया गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी की गई।
करीब छह लाख के आभूषण और अन्य सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेत चोरी से संबंधित कई सामान बरामद किए गए हैं।

बरामदगी में शामिल प्रमुख सामान:-
दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा और चार खोखा कारतूस .315 बोर। सोने की दो अंगूठियां, तीन चेन, एक मंगलसूत्र, एक मांग टीका, दो जोड़ी बड़े झुमके और चार छोटी नथ, चांदी की सात जोड़ी पायल, छह जोड़ी बिछिया और एक अंगूठी, 7,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक एलसीडी टीवी, चोरी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा संख्या UP50FT2661, एक स्टील का बॉक्स, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी, दो स्कूल पहचान पत्र और एक रिमोट चाबी, 100 रुपये का एक कथित जाली नोट।

पुलिस के मुताबिक, बरामद आभूषणों की संबंधित पीड़ितों/वादियों द्वारा पहचान किए जाने की जानकारी मिली है। शेष बरामद सामान और अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में जांच जारी है।
ऑटो से करते थे बंद मकानों की रेकी
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी ऑटो रिक्शा से अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर रात के समय घरों के ताले तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लेते थे। पुलिस का कहना है कि विरोध या पकड़े जाने की स्थिति में लोगों को डराने के लिए आरोपी अवैध असलहे अपने पास रखते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने कप्तानगंज के फिरतूपुर, कंधरापुर क्षेत्र के करेनहुआ और आदिपुर भनवथ तथा जीयनपुर क्षेत्र के अंखीपुर, बलुआ और परनकुंडा कैता सहित अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। चोरी के आभूषण दूर-दराज के फेरी लगाने वाले व्यक्तियों को बेचने की बात भी सामने आई है। इन तथ्यों की पुष्टि और अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
तीन थाना क्षेत्रों की छह चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से जिन छह चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है, उनमें शामिल हैं:-
1. कप्तानगंज: 7 अक्टूबर 2026 को फिरतूपुर निवासी प्रदीप मोदनवाल के घर से 73 हजार रुपये नकद और आभूषण चोरी किए जाने का मामला।
2. कंधरापुर: 27 अगस्त 2026 को करेनहुआ निवासी अनिल भरत लाल सोनी के घर से नकदी और आभूषण चोरी किए जाने का मामला।
3. जीयनपुर: 15 अगस्त 2026 को महरौली निवासी प्रियांशु यादव के घर से नकदी और आभूषण चोरी किए जाने का मामला।
4. जीयनपुर: 30 सितंबर 2026 को आखीपुर निवासी वीरेन्द्र प्रसाद के घर से आभूषण और कपड़े चोरी किए जाने का मामला।
5. जीयनपुर: 22 अगस्त 2026 को बलुआ निवासी अमरदीप शर्मा के घर से दो लाख रुपये नकद और आभूषण चोरी किए जाने का मामला।
6. जीयनपुर: 15 जुलाई 2026 को परनकुंडा कैता निवासी आदित्य सिंह के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए जाने का मामला।
इन मामलों में संबंधित थानों पर पहले से मुकदमे दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आपराधिक इतिहास के अनुसार, दिनेश उर्फ लकी उर्फ बुढ़वा के विरुद्ध आजमगढ़ और मऊ में चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 19 मुकदमों का उल्लेख है।
वहीं, दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ के विरुद्ध आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य आरोपों से संबंधित कुल 13 मुकदमों का उल्लेख किया गया है।
आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी
कप्तानगंज थाने में मुकदमा संख्या 306/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(5), 305(क) और 317(4) में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध असलहों की बरामदगी के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 352, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रिंस मिश्रा, रमेश चन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिन्द, उपनिरीक्षक अमन तिवारी, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र जायसवाल, कांस्टेबल रवि कुमार गुप्ता, महिला कांस्टेबल आरती पासवान, चालक कांस्टेबल कमल कुमार, कांस्टेबल सुधांशु सिंह, बृजेश गौड़, अप्पू प्रसाद, रंजीत कुमार साहू और लोकेश पाण्डेय शामिल रहे, मामले में आरोपियों की भूमिका, बरामद सामान और अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में पुलिस की विवेचना जारी है।







