मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत गम्भीरपुर पुलिस की कार्रवाई, बिन्द्रा बाजार में विवाद के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़। जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत गम्भीरपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने, सीटी बजाने और अश्लील गाने गाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन गतिविधियों का विरोध करने पर विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को थाना गम्भीरपुर की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बिन्द्रा बाजार, रानीपुर रजमो क्षेत्र में स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति आने-जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को देखकर सीटी बजाते हैं और अश्लील गाने गाकर अभद्र व्यवहार करते हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना गम्भीरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 248/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 352, 351(3), 115(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंसार पुत्र नेसार अहमद, मोहम्मद फहीम पुत्र नेसार अहमद और अब्दुल रहीम पुत्र नेसार अहमद के रूप में हुई है। तीनों ग्राम बिन्द्रा बाजार, रानीपुर रजमो, थाना गम्भीरपुर, जनपद आजमगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
मिशन शक्ति टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेश कुमार सरोज सहित महिला आरक्षी शीला यादव, प्रियंका गुप्ता, अनामिका मिश्रा, अंजू जायसवाल, सुषमा सरोज और आरक्षी अजीत पटेल शामिल रहे।
आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि अभद्र व्यवहार करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








