26 थानों में 103 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 1,206 व्यक्तियों की चेकिंग कर 709 को दी चेतावनी
आजमगढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर आजमगढ़ पुलिस का मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान लगातार जारी है। 20 अक्टूबर 2026 को जनपद के 26 थानों में 103 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कुल 2,877 लोगों को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, एंटी रोमियो स्क्वाड ने 1,206 व्यक्तियों की चेकिंग की और 709 लोगों को चेतावनी दी। पुलिस के अनुसार, तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया।

88 ग्राम पंचायतों और वार्डों में चला जागरूकता अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में महिला बीट पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

पुलिस के मुताबिक, 88 ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में आयोजित इन कार्यक्रमों में 2,010 महिलाओं एवं बालिकाओं तथा 867 पुरुषों एवं छात्रों सहित कुल 2,877 लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान जागरूकता के लिए 1,505 प्रिंटेड सामग्री और पांच ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी भी वितरित की गईं।
एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्रवाई
अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड ने 53 स्थानों पर 1,206 व्यक्तियों की चेकिंग की। इनमें 709 व्यक्तियों को चेतावनी दी गई, जबकि तीन व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी करने वाले 81 वाहनों का चालान किया गया और 517 निजी टैक्सी एवं अन्य वाहनों का सत्यापन किया गया।
महिला सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला एवं बाल सुरक्षा योजनाओं, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित POSH अधिनियम, 2013 की जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की है।
महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रमुख हेल्पलाइन नंबर:-
1090 — महिला पावर लाइन
1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
181 — महिला हेल्पलाइन
112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
102 एवं 108 — एम्बुलेंस सेवा
आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए जागरूकता कार्यक्रमों तथा सुरक्षा संबंधी कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा.








