मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल की मौजूदगी में महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

आजमगढ़। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत नवरात्रि के अवसर पर थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित गंगा गौरी घाट पर कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सुदीक्षा नई राह फाउंडेशन की साक्षी पांडेय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कन्याओं का पूजन कर नारी शक्ति के सम्मान, बालिकाओं की गरिमा और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल सहित पुलिसकर्मी और मिशन शक्ति की टीम मौजूद रही।

महिला सुरक्षा और स्वावलंबन पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वावलंबन तथा शासन की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
1090 — महिला पावर लाइन
1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
181 — महिला हेल्पलाइन
112 — पुलिस आपातकालीन सेवा

पुलिस ने अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं एवं बालिकाएं तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।

आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।









