तीन दिनों तक चली मतगणना के 23वें राउंड में जीत हुई सुनिश्चित, 55,046 मत पाकर आशुतोष सिन्हा बने विजेता; जीत के बाद समर्थकों ने मनाया जश्न
वाराणसी। विधान परिषद सदस्य वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की है। तीन दिनों तक चली मतगणना के तीसरे दिन गुरुवार को घोषित परिणाम में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 19,932 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर विजय पताका लहराई। आशुतोष सिन्हा को कुल 55,046 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 35,114 मत प्राप्त हुए जीत की घोषणा के बाद सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने आशुतोष सिन्हा का स्वागत कर जीत का जश्न मनाया। वहीं, अंतिम राउंड की गणना पूरी होने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक मतगणना स्थल से चले गए थे।
पहले राउंड से ही सपा प्रत्याशी ने बनाई बढ़त
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना मंगलवार को शुरू हुई थी। शुरुआती दौर में ही सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने बढ़त बना ली थी। मतगणना के दौरान देर शाम तक राउंडवार आंकड़ों का सिलसिला जारी रहा। सातवें राउंड तक सपा प्रत्याशी को 11 हजार से अधिक मतों की बढ़त मिल चुकी थी इसके बाद चौथे राउंड से आगे भी जीत का अंतर लगातार बढ़ता गया और भाजपा प्रत्याशी मुकाबले में पिछड़ते चले गए।
23वें राउंड तक चला मतगणना का सिलसिला
मतगणना के 23वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को कुल 35,114 मत प्राप्त हुए वहीं सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को दूसरी वरीयता के मतों की गणना से पहले 53,573 मत मिले थे जीत के लिए निर्धारित 54,762 मतों का आंकड़ा पूरा नहीं होने पर दूसरी वरीयता के मतों की गणना कराई गई इस प्रक्रिया में भाजपा प्रत्याशी के खाते में आए दूसरी वरीयता के 1,473 मत सपा प्रत्याशी के पक्ष में जुड़ गए इसके बाद आशुतोष सिन्हा के कुल मतों की संख्या 55,046 हो गई और उनकी जीत सुनिश्चित हो गई इस तरह उन्होंने केदारनाथ सिंह को 19,932 मतों से शिकस्त दी।
मतगणना स्थल पर हुआ हंगामा, पुलिस से हुई नोकझोंक
मतगणना के दौरान वाराणसी में माहौल भी गर्म रहा। रिपोर्ट के अनुसार, मतगणना स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने खंड शिक्षक चुनाव के प्रेक्षक प्रांजल यादव पर आरोप भी लगाए। हालांकि, मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित कर दिया गया।
शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं में पहले से ही उत्साह था। इसके बाद स्नातक निर्वाचन सीट पर आशुतोष सिन्हा की बड़ी जीत ने पार्टी समर्थकों का उत्साह और बढ़ा दिया। दोनों सीटों पर सपा की जीत को काशी क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है इस जीत के बाद आशुतोष सिन्हा ने अपने एक्स हैंडल के माध्यम से मत देने वाले स्नातक मतदाताओं का आभार जताया।








