पुलिस लाइन सभागार में डीआईजी और एसएसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित, महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने पर दिया जोर
आजमगढ़, 14 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत बुधवार को पुलिस लाइन सभागार, आजमगढ़ में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करना रहा।

समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया।

खिलाड़ियों से लेकर चिकित्सकों और शिक्षिकाओं तक का सम्मान
कार्यक्रम में प्रतिष्ठित महिला खिलाड़ियों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की प्रतिभाशाली छात्राओं, दिव्यांग महिलाओं एवं बालिकाओं, महिला चिकित्सकों, नर्सों, शिक्षिकाओं तथा गैर-सरकारी संगठनों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। सम्मानित महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनने का संदेश
समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज जायसवाल, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक ज्ञान चंद्र पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आजमगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।







