मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के बारे में किया गया जागरूक
मुबारकपुर (आजमगढ़)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुबारकपुर थाने स्थित मिशन शक्ति केंद्र को मॉडल मिशन शक्ति केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को केंद्र पर संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं, बालिकाओं, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं और एनजीओ प्रतिनिधियों को महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित एवं पात्र महिलाओं के साथ चौपाल लगाई गई। इसमें महिलाओं को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

महिलाओं को अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से सुरक्षा एवं सहायता संबंधी सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं से जुड़ने और पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी आपात स्थिति में संकोच न करने और तत्काल सहायता लेने की अपील की।

महिला सुरक्षा के हेल्पलाइन नंबर बताए
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
1090 — महिला पावर लाइन
1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
181 — महिला हेल्पलाइन
112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
102 एवं 108 — एम्बुलेंस सेवा
पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक शशि चंद्र चौधरी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक रूपम वर्मा, उपनिरीक्षक कमला सिंह, उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा, आरक्षी शब्बीर अहमद, महिला आरक्षी सुधा शर्मा, महिला आरक्षी शिवानी शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता तथा सहायता संबंधी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।








