सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी, स्वच्छता व जागरूकता का दिया संदेश……
आजमगढ़, 01 अप्रैल 2026। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान (01 से 30 अप्रैल 2026) के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को विकास भवन से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

👉 नर्सिंग छात्राओं के नेतृत्व में निकली इस रैली में “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जीजीआईसी स्कूल, रैदोपुर, काली जी का चौराहा, एलवल होते हुए महिला चिकित्सालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा व्यवस्था बनाए रखी गई।

👉 रैली के साथ प्रचार-प्रसार वाहन, एंबुलेंस सेवा और नगरपालिका का कूड़ा वाहन भी शामिल रहा, जिससे आमजन को स्वच्छता और रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
👉 इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्विभागीय समन्वय से संचालित किया जा रहा है, जिसमें नगर निकाय द्वारा साफ-सफाई व फॉगिंग, पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामीण स्वच्छता, शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में जागरूकता और बाल विकास विभाग द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वच्छता बनाए रखें, जल जमाव न होने दें और बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच व उपचार कराएं।

👉 मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और दिमागी बुखार से बचाव की जानकारी दे रही हैं।
👉 रैली में डिप्टी सीएमओ/नोडल वेक्टर बॉर्न डिजीज डॉ. अविनाश झा, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अब्दुल अजीज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।









