
कप्तानगंज, आजमगढ़:
जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान श्रवण कुमार उर्फ लुला (25) पुत्र रामनाथ, निवासी देऊरपुर सराय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक का शव घर से करीब 100 मीटर दक्षिण सिवान स्थित खेत में नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।







