
पलामू। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने छतरपुर स्थित पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पंजी व अभिलेखों को अद्यतन रखने के सख्त निर्देश दिए और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व गति लाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, महिला थाना प्रभारी मुनी कुमारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीआईजी ने विधि-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। खासतौर पर महिलाओं के खिलाफ लैंगिक अपराध और पोक्सो एक्ट से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
बैठक में आईपीएस दिव्यांश शुक्ला, चंदन कुमार, अफजल अंसारी और नारायण सोरेन समेत अन्य थाना प्रभारी उपस्थित रहे। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और त्वरित न्याय सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।







