ब्यूरो रिपोर्ट: बरसाती लाल कश्यप, जौनपुर
जौनपुर। विकास खंड बरसठी के बेलौना कला गांव निवासी अवनीश सिंह (38) की बुधवार को मुंबई के भयंदर मीरा रोड क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के समय वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी एक फोर व्हीलर ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में उनकी पत्नी भी घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे में अवनीश सिंह के सिर में गंभीर चोट आई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जैसे ही हादसे की सूचना गांव बेलौना कला पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की बुजुर्ग मां का रो-रोकर बुरा हाल है। अवनीश सिंह पांच बहनों के इकलौते भाई थे और सभी बहनों की शादी हो चुकी है।
परिवार में उनकी पत्नी, 14 वर्षीय पुत्र आर्यन और मां हैं। उनकी एक पुत्री की तीन वर्ष पहले रेबीज के कारण मौत हो चुकी थी। अवनीश की असामयिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।








