आजमगढ़। जनगणना 2027 के तहत स्वगणना अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से हरिऔध कला केंद्र में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से मदरसा शिक्षकों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने किया।
कार्यशाला में मदरसा विभाग के शिक्षकों को स्वगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और ऑनलाइन प्रणाली की जानकारी सरल तरीके से दी गई। अधिकारियों ने बताया कि स्वगणना एक आसान और समय बचाने वाली प्रक्रिया है, जिसे 5 से 10 मिनट में पूरा किया जा सकता है। इससे जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक और व्यवस्थित तरीके से तैयार किए जा सकेंगे।
मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने उपस्थित शिक्षकों को ऑनलाइन स्वगणना पोर्टल का उपयोग, जरूरी जानकारी भरने की प्रक्रिया और सावधानियों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सभी से जनगणना अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने शिक्षकों से कहा कि वे स्वयं स्वगणना करें और छात्र-छात्राओं व उनके परिवारों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि जनभागीदारी के जरिए अभियान को सफल बनाया जा सके।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अरविंद यादव, समीउल्लाह अंसारी तथा फील्ड ट्रेनर बृजेश श्रीवास्तव, मांधाता सिंह, यशवंत और उमेश यादव सहित मदरसा विभाग के शिक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








