आजमगढ़: परिषदीय स्कूल की जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, मदरसे का निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त
आजमगढ़ के फूलपुर तहसील क्षेत्र के मौलानापुर गांव में शनिवार को प्रशासन ने परिषदीय प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर बने कथित अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से पांच कमरों वाले निर्माण को हटाया और जमीन को कब्जामुक्त कराया।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में प्राथमिक विद्यालय के नाम दर्ज है। शिकायत मिलने के बाद उपजिलाधिकारी के निर्देश पर भूमि की पैमाइश कराई गई, जिसमें विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई पूरी की। निर्माण हटाने के बाद मलबा भी साफ कराया गया और कब्जामुक्त भूमि ग्राम प्रधान को सौंप दी गई।
बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत गांव के एक स्थानीय निवासी एवं भाजपा बूथ अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से की थी। शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।








