किसानों से वार्ता कर नुकसान की ली जानकारी, फसल बचाने के लिए दिए जरूरी सुझाव
अतरौलिया, आजमगढ़। बीते दिनों क्षेत्र में आए चक्रवाती तूफान और तेज हवाओं से गन्ने की फसल को हुए नुकसान का जिला गन्ना अधिकारी आजमगढ़ रंजीत कुमार निराला ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूढ़नपुर गन्ना समिति के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्रय केंद्रों और उनसे जुड़े गांवों में पहुंचकर किसानों से वार्ता की तथा गन्ने की गिरी हुई फसल का जायजा लिया।

जिला गन्ना अधिकारी ने क्रय केंद्र कौड़िया के ग्राम हुसैपुर सनूप में कृषक संजय सिंह और अशोक सिंह के खेतों का निरीक्षण किया। इसके अलावा क्रय केंद्र मदियापार, छितौनी लोहरा तथा अतरौलिया क्रय केंद्र से जुड़े भगतपुर, पचरी, गोविंदपुर और पकरडीहा सहित अन्य गांवों में भी पहुंचकर फसल की स्थिति देखी।
रंजीत कुमार निराला ने बताया कि सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में अक्सर तेज हवाओं के साथ बारिश अथवा तूफान आने से गन्ने की फसल गिर जाती है। इससे गन्ने की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने किसानों को सलाह दी कि गन्ने की फसल को गिरने से बचाने के लिए समय से उसकी बंधाई कराएं। यदि तेज बारिश के कारण खेत में पानी भर गया हो तो पानी निकलने के बाद हेक्सॉस्टॉप फफूंदनाशी का छिड़काव करें। इसके साथ ही खेत से पानी निकलने के बाद कार्बेन्डाजिम और एनपीके का भी छिड़काव करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इन उपायों से गिरी हुई गन्ने की फसल में रोगों के प्रकोप को नियंत्रित करने और उत्पादन में होने वाली संभावित कमी को कम करने में मदद मिल सकती है।








