best news portal development company in india

आजमगढ़ में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की बड़ी पहल, 4 नई पुलिस चौकियों का उद्घाटन!

SHARE:

जिले के थाना अतरौलिया क्षेत्र के अंतर्गत अतरैठ, लोहरा एवं बढ़या में 3 नवनिर्मित पुलिस चौकियों का उद्घाटन….

आजमगढ़ | 28 मार्च 2026- जनपद आजमगढ़ में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 4 नई पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जनसंवाद कर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। थाना अतरौलिया क्षेत्र के अंतर्गत अतरैठ, लोहरा एवं बढ़या में 3 नवनिर्मित पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया गया। ये चौकियां विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं, जिससे अपराधियों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

वहीं थाना महराजगंज क्षेत्र के ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम में नवसृजित पुलिस चौकी “देवरांचल” का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। इस चौकी का प्रभारी उप निरीक्षक अवधेश यादव को नियुक्त किया गया है। देवरांचल चौकी के अंतर्गत 24 गांवों को शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्र में त्वरित पुलिस सहायता और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और जनसुनवाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों और पूर्व में पुलिस विभाग में सेवा दे चुके व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। ग्राम चौकीदारों को सीटी, डोरी और टॉर्च वितरित कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आमजन का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा उन्हें शिक्षण सामग्री वितरित कर जागरूक किया गया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी सहित संबंधित थानों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई